बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेंगलुरु दौरे से पहले शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में हजारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रख रहा है।बेंगलुरु पुलिस ने उन सभी रास्तों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, जिनसे होकर प्रधानमंत्री गुजरेंगे।
इस हाई-प्रोफाइल दौरे के लिए पुलिस के 3 संयुक्त आयुक्त, 15 उपायुक्त, 20 सहायक आयुक्त, 30 पुलिस निरीक्षक, 100 से अधिक उप-निरीक्षक और 1,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
एसपीजी की टीम लगभग 10 दिन पहले ही बेंगलुरु पहुंच गई थी और उसने प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों से जुड़ी सभी जगहों का बारीकी से निरीक्षण किया है।
सुरक्षाकर्मियों ने उन रास्तों, मेट्रो रेल सुविधाओं और प्लेटफॉर्मों की जांच की है, जहां से प्रधानमंत्री मोदी गुजरेंगे। इसके अलावा, उन जगहों का भी निरीक्षण किया गया है जहां प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
सुरक्षा में कोई चूक न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए हर छोटी-छोटी जगह की गहन जांच की गई है। एसपीजी अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं और बेंगलुरु पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री के गुजरने वाले रास्तों पर मौजूद ऊंची इमारतों और अधिक जोखिम वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए, पुलिस टीमों ने इन इलाकों में स्थित अपार्टमेंट्स की भी जांच की है।
पुलिस ने अपार्टमेंट प्रबंधन से सतर्क रहने और वहां आने वाले किसी भी नए या अनजान व्यक्ति के बारे में जानकारी देने को कहा है।
एसपीजी ने विशेष सुरक्षा अभियान भी चलाए हैं और पुलिस को प्रधानमंत्री के दौरे से पहले और दौरे के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी के गुजरने वाले सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है और उन्हें दुरुस्त पाया गया है। शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के तहत पुलिस ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी निगरानी कैमरे पूरी तरह से काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री के शुक्रवार के कार्यक्रम को देखते हुए बेंगलुरु पुलिस और एसीपीजी ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है, ताकि इस हाई प्रोफाइल दौरे के दौरान सुरक्षा में कोई चूक न हो।
13 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले बेंगलुरु शहर के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने बुधवार को निषेधाज्ञा जारी की है। इसके तहत शहर में तीन जगहों के एक किलोमीटर के दायरे को अस्थायी रूप से 'नो-फ्लाई जोन' घोषित किया गया है।
ये पाबंदियां 13 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेंगी। आदेश के अनुसार, प्रधानमंत्री सबसे पहले आर.ए. मंदुरकर फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज ट्रेनिंग सेंटर कैंपस (हेलीपैड-2) पहुंचेंगे, जहां से वे तावरेकेरे मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे आईआईएम-बी ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
इसके बाद, वे चामुंडी पहाड़ी की तलहटी में 'नम्मा मैसूरु, नम्मा कोडुगे' पहल के तहत विकसित किए गए एक छोटे जंगल, 'भारत वन' का उद्घाटन करेंगे।
वे मैसूरु में भारत के पहले 'टिल्टेड डोम एलईडी तारामंडल' (प्लेनेटेरियम) का उद्घाटन करेंगे। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स और मैसूरु विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से 118 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई इस सुविधा में 150 से 160 लोगों के बैठने की जगह है। इसे छात्रों और पर्यटकों, दोनों के लिए डिजाइन किया गया है।
'भारत वन' कार्यक्रम के बाद, वे आधिकारिक कार्यों के लिए 'कॉसमॉस' कार्यक्रम स्थल जाएंगे। इसके बाद वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे, जहां से वे भारतीय वायु सेना के बीबीजे विमान के जरिए दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए ऐतिहासिक शहर मैसूरु में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी ने चामुंडी पहाड़ी की तलहटी में स्थित तारामंडल (प्लेनेटेरियम) को अपने नियंत्रण में ले लिया है। मैसूर में 'कॉस्मोलॉजी एजुकेशन एंड रिसर्च ट्रेनिंग सेंटर' और केसी नगर में 'भारत वन मियावाकी मिनी फॉरेस्ट' के उद्घाटन के लिए उनके दौरे के मद्देनजर सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है।














