छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के बड़ामलहरा थाना अंतर्गत आने वाले कमोदपुरा गांव में दबंगों की गुंडागर्दी और आतंक से त्रस्त पीडि़त परिवारों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। सविता रजक, ममता रजक और राजश्री रजक सहित अन्य महिलाओं ने एसपी को शिकायती आवेदन सौंपकर बताया कि गांव के कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग लगातार उनके घरों में घुसकर मारपीट कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस थाने में सुनवाई न होने के कारण आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे पीडि़तों पर मुकदमों में राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, बंदू उर्फ धनीराम यादव, अशोक यादव, मुकेश यादव और गनपत यादव, हरि यादव समेत अन्य आरोपी शराब के नशे में लाठी-डंडों और अवैध कट्टों के साथ घरों में घुस आए और महिलाओं तथा बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की। दबंगों ने एक नाबालिग छात्र भगवानदास के सीने पर कट्टा अड़ाकर धमकाया कि यदि पुराना मामला वापस नहीं लिया तो जान से खत्म कर देंगे। पीडि़त महिलाओं का आरोप है कि थाने में शुरुआती रिपोर्ट तो लिख ली गई, लेकिन पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त पूछताछ या वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है और घरों से बाहर नहीं निकल पा रहा है। पीडि़तों ने एसपी से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।















