छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा सागर स्कूल के पास पुलिस ने एक मकान में चल रहे हाईप्रोफाइल जुए के फड़ पर देर रात दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से पांच नामी व्यापारियों और कारोबारियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर 10 से ज्यादा लोग मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से ताश की गड्डियां और 1 लाख 20 हजार 200 रुपए नकद बरामद किए हैं।
अखिलेश सोनी के मकान पर चल रहा था फड़
कोतवाली टीआई सतीश सिंह और एसआई उपा सिंह परिहार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह जुए का फड़ अखिलेश सोनी के मकान में संचालित किया जा रहा था। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि मकान मालिक लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों का संचालन कर रहा था और लोगों को मेल-मिलाप या पार्टी के बहाने बुलाकर जुआ खिलवाया जाता था। हालांकि, अवैध कारोबार और अन्य गंभीर आरोपों की फिलहाल स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
ये भी पढ़ें




पुलिस ने मौके से जिन लोगों को हिरासत में लिया, उनमें दिनेश अग्रवाल, वीरेंद्र सोनी, धर्मेंद्र सोनी, मकान मालिक अखिलेश सोनी, नीरज गुलेरी गुप्ता और भूरे सोनी शामिल हैं। पकड़े गए अधिकांश लोग शहर के प्रतिष्ठित सराफा और अन्य व्यापारिक व्यवसायों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज, थाने से मिली जमानत
सिटी कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी प्रावधानों और प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया। फिलहाल पुलिस फरार हुए अन्य लोगों की तलाश और मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है।












