डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक बेहद वीभत्स और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम पड़रिया छांटा में एक परिचित ने मजाक या रंजिश के तहत 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया को कथित तौर पर 'रसगुल्ला' बताकर सुअरमार बम थमा दिया। मिठाई समझकर मुंह में रखते ही राजेंद्र ने जैसे ही उसे दांत से दबाया, एक भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में उसका जबड़ा बुरी तरह उड़ गया और इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना मंगलवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच की है। मृतक राजेंद्र बरौतिया ने परिवार के साथ सामान्य दिनों की तरह खाना खाया था और इसके बाद वह घर के आंगन में आग ताप रहा था। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और दोनों के बीच बातचीत होने लगी। बातचीत के ही दौरान आरोपी ने राजेंद्र को एक वस्तु थमा दी और कहा कि यह 'रसगुल्ला' है। राजेंद्र को जरा भी अंदेशा नहीं था कि जिस चीज को वह मिठाई समझ रहा है, वह असल में एक खतरनाक विस्फोटक है।

राजेंद्र ने बिना किसी शक के उस बम को मुंह में रखकर जैसे ही दबाया, वैसे ही जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसका जबड़ा अंदर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस तेज धमाके से परिवार और आसपास के लोग सहम गए। परिजन तुरंत उसे गंभीर हालत में ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन नाजुक हालत के चलते उसने दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली पुलिस थाने के प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के अनुसार, इस मामले में आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं 3 व 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि आरोपी के पास यह सुअरमार बम कहां से आया था और इस खौफनाक कृत्य के पीछे उसकी असली मंशा क्या थी।