मेरठ। उत्तर प्रदेश के युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के पहले मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 11 अगस्त 2026 कर दी गई है। पहले आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई थी, लेकिन कई अभ्यर्थियों के फॉर्म भरने से वंचित रह जाने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के हित में यह राहत भरा निर्णय लिया है। अब स्पोर्ट्स कोचिंग और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक छात्र ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से आवेदन कर सकते हैं।
इन प्रमुख खेलों में मिलेगी विशेषज्ञता की ट्रेनिंग
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत 'पी.जी. डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग' में छात्रों को देश के कई लोकप्रिय खेलों में विशेषज्ञ बनने का अवसर दिया जा रहा है। अभ्यर्थी कबड्डी, हॉकी, बॉक्सिंग, योग, कुश्ती, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसे खेलों में से अपनी रुचि के अनुसार कोचिंग क्षेत्र चुन सकते हैं। इसके अलावा, खेल मीडिया में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए 'पी.जी. डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन' पाठ्यक्रम में भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश में प्रशिक्षित कोच, स्पोर्ट्स एक्सपर्ट और खेल पत्रकार तैयार करना है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से करें आवेदन
छात्र अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन में से किसी भी माध्यम को चुनकर अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। प्रवेश, पात्रता और दिशा-निर्देशों से जुड़ी संपूर्ण जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइटwww.sportsuniup.comपर उपलब्ध करा दी गई है। विश्वविद्यालय में न्यूनतम शुल्क पर विश्वस्तरीय खेल शिक्षा, मॉडर्न ट्रेनिंग इक्यूपमेंट्स और स्पोर्ट्स साइंस पर आधारित शिक्षा दी जाएगी। विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने योग्य युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।
प्रदेश में खेल संस्कृति को मिलेगी नई पहचान
योगी सरकार का लक्ष्य केवल खिलाड़ी तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे दक्ष प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों का निर्माण करना है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर सकें। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में छात्रों को अत्याधुनिक खेल अधोसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण उपकरण और अनुभवी विशेषज्ञों का सीधा मार्गदर्शन मिलेगा।




