टीकमगढ़/पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। शासकीय महाविद्यालय पलेरा की भूमि से अतिक्रमण हटाने और बाउंड्री वॉल का निर्माण कराने की मांग को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की पलेरा इकाई ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकालकर नारेबाजी की और जिला कलेक्टर टीकमगढ़ के नाम तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।


एबीवीपी ने आरोप लगाया कि शासकीय महाविद्यालय की करीब 16 एकड़ भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण है। परिषद के मुताबिक, प्रशासन को कई बार शिकायत और आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने कहा कि अतिक्रमण के कारण महाविद्यालय के भविष्य के विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं।


परिषद ने महाविद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल नहीं होने पर भी चिंता जताई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि परिसर में बाहरी लोगों का आवागमन बना रहता है, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने के साथ छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


एबीवीपी ने प्रशासन को तीन दिन की समय सीमा देते हुए महाविद्यालय की भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने और स्वीकृत बाउंड्री वॉल का निर्माण तत्काल शुरू कराने की मांग की है। परिषद ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर विद्यार्थियों के हित में व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।