नौगांव, कमल यादव। नौगांव नगर के तहसील चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक मृतक के परिजनों और मोहल्ले वासियों ने शव सड़क पर रखकर जोरदार चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक धर्मपाल अहिरवार निवासी नया मोहल्ला, वार्ड नंबर 18 के परिजनों का गंभीर आरोप है कि धर्मपाल के साथ मारपीट की गई और जहरीला पदार्थ पिलाकर उनकी हत्या की गई है। मृतक की पत्नी श्रीमती उषा अहिरवार द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को सब्जी मंडी में मजदूरी के पैसे मांगने पर आरोपी जीतू उर्फ जीतेन्द्र साहू और उसके माता-पिता द्वारा लाठी-डंडों से धर्मपाल की बुरी तरह पिटाई की गई थी, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब 27 अक्टूबर 2026 को आरोपी पक्ष ने मुकदमे में राजीनामा न करने पर धर्मपाल को अपनी दुकान पर बुलाया। परिजनों का आरोप है कि राजीनामा करने से मना करने पर आरोपियों ने उनके साथ जबरदस्ती मारपीट की और जबरन कोई जहरीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद धर्मपाल को इलाज के लिए पहले नौगांव अस्पताल और फिर छतरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां 27 अक्टूबर की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और क्षेत्रीय निवासियों ने 28 अक्टूबर को तहसील चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास कर रहे हैं।
















