छतरपुर, संदीप यादव। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कलहरा कुआं मोहल्ला में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश के कारण एक 35 वर्षीय युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से जख्मी हुए युवक को परिजनों द्वारा तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
मंदिर पर शराब की बोतल फेंकने और गाली-गलौज के विरोध से उपजा था विवाद
घायल सुरेश प्रजापति के भाई मुकेश प्रजापति ने घटना की वजह बताते हुए कहा कि आरोपी पंकज बाल्मीकि से उनका पुराना विवाद चल रहा था। होली के अवसर पर आरोपी ने मोहल्ले के मंदिर पर शराब की बोतल फेंकी थी, जिसकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा कुछ दिन पूर्व शराब के नशे में गाली-गलौज करने पर भी सुरेश ने उसका विरोध किया था, जिसके बाद से ही आरोपी रंजिश रखे हुए था और मौका पाते ही उसने जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़िता मां की सूचना पर पहुंची पुलिस, आरोपी की तलाश में दी जा रही दबिश
वारदात के समय मौके पर मौजूद घायल की मां ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना के बाद से ही आरोपी मौके से फरार है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।













