मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले की पोरसा तहसील के पियनी रोड पर एक मकान के पिछले हिस्से में सॉर्बिटोल के 11 ड्रम मिलने से प्रशासन में हलचल मच गई। इनमें 8 ड्रम भरे हुए और 3 खाली बताए जा रहे हैं। भरे हुए प्रत्येक ड्रम में करीब 300 किलोग्राम पदार्थ होने के अनुसार कुल मात्रा लगभग 2.4 टन बताई गई है।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे, जबकि खाद्य निरीक्षक अनिल परिहार ने पदार्थ के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। ड्रमों पर ‘SORBITOL 70% (NON CRYSTALLIZING)’ लिखा हुआ है। कार्रवाई के बाद सभी ड्रमों को एक कमरे में रखवाकर ताला लगा दिया गया।
फिलहाल इतनी बड़ी मात्रा में सॉर्बिटोल रखने का उद्देश्य स्पष्ट नहीं है। दूध में मिलावट या किसी अवैध गतिविधि में इसके इस्तेमाल की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पदार्थ की वास्तविक पहचान, गुणवत्ता और भंडारण से संबंधित दस्तावेजों की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल प्रशासन की अगली कार्रवाई और सैंपल रिपोर्ट का इंतजार है।











