सतना, सजल कुमार रजक। मध्य प्रदेश के सतना शहर से दांपत्य प्रेम और असीम वियोग की एक अत्यंत मर्मस्पर्शी व झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधवगढ़ कॉलोनी में पति के आकस्मिक निधन का गहरा सदमा पत्नी बर्दाश्त नहीं कर सकीं और महज छह घंटे के भीतर उन्होंने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। चंद घंटों के अंतराल में दांपत्य जीवन के इस दुखद अंत और एक ही आंगन से उठी दो अर्थियों ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।


दोपहर में पति को आया साइलेंट अटैक, शाम होते-होते पत्नी की भी थमीं सांसें

घटनाक्रम के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे 55 वर्षीय ओम सोनेजा को अचानक सीने में तेज दर्द उठा और गंभीर हार्ट अटैक आने से मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। हंसते-खेलते परिवार में अचानक हुए इस वज्रपात से कोहराम मच गया। पति की आकस्मिक मौत का सबसे गहरा आघात उनकी 52 वर्षीया पत्नी मनीषा सोनेजा पर पड़ा। जीवनसाथी के हमेशा के लिए बिछड़ने का गम वे सहन नहीं कर पाईं और बदहवास होकर बेसुध हो गईं।


एक साथ उठीं दो अर्थियां, मोहल्ले में हर आंख नम

परिजनों और रिश्तेदारों ने मनीषा को ढांढस बंधाने और संभालने का पूरा प्रयास किया, लेकिन पति के वियोग का सदमा इतना गहरा था कि शनिवार शाम करीब 7:00 बजे मनीषा सोनेजा ने भी अपने प्राण त्याग दिए। छह घंटे के भीतर पति-पत्नी दोनों के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा मोहल्ला गमगीन हो गया। जिसने भी इस दर्दनाक और मार्मिक त्रासदी के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं।