छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नगर का राजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम खेल गतिविधियों के साथ युवाओं के लिए सरकारी नौकरी की तैयारी का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। सुबह 4 बजे से ही यहां युवाओं की भीड़ जुटने लगती है और दूधिया रोशनी में दौड़, व्यायाम एवं फिजिकल ट्रेनिंग का अभ्यास शुरू हो जाता है। भारतीय सेना, मध्य प्रदेश पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस और दिल्ली पुलिस सहित विभिन्न सेवाओं में भर्ती की तैयारी के लिए नौगांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से युवा यहां पहुंच रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बीते वर्षों में यहां प्रशिक्षण लेने वाले 100 से अधिक युवाओं का विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयन हुआ है।
पहले क्रिकेट के मैदान के रूप में पहचान बनाने वाला यह स्टेडियम अब दौड़, योग, जिम और शारीरिक दक्षता के अभ्यास के लिए भी उपयोगी साबित हो रहा है। क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह के प्रयासों से लगभग 80 लाख रुपये की लागत से यहां फ्लड लाइटें लगाई गईं, जिससे सुबह जल्दी अभ्यास करने वाले युवाओं को सुविधा मिल रही है। स्टेडियम में आधुनिक पवेलियन निर्माण के लिए भी मध्य प्रदेश सरकार से राशि आवंटित कराने की पहल की गई है।
स्टेडियम का संचालन नगर पालिका परिषद नौगांव द्वारा किया जाता है। स्थानीय नागरिकों और खेल प्रेमियों का कहना है कि यहां व्यवस्थित रनिंग ट्रैक, आधुनिक व्यायाम उपकरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके। खेल और शारीरिक दक्षता की तैयारी के लिए लगातार बढ़ती युवाओं की संख्या को देखते हुए स्टेडियम का विकास महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर सुविधाएं मिलने पर यह केंद्र बुंदेलखंड के युवाओं के लिए खेल एवं फिजिकल ट्रेनिंग का प्रमुख स्थल बन सकता है।











