मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत: सरायछौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रिठौरा खुर्द गांव में रविवार को पुरानी रंजिश के कारण एक दर्दनाक खूनी संघर्ष हुआ। आपसी विवाद और मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

पुरानी रंजिश बना खूनी संघर्ष की वजह

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रिठौरा खुर्द गांव के निवासी भोगीराम गुर्जर और ऐंदल गुर्जर के बीच काफी लंबे समय से आपसी विवाद चला आ रहा था। रविवार को दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

लाठी-डंडों से हमला और फायरिंग के आरोप

आरोप है कि ऐंदल पक्ष के लोगों ने भोगीराम पक्ष पर लाठी-डंडों से अचानक हमला बोल दिया। इस दौरान खेतों पर भैंस चराने गए भोगीराम के बेटे लल्ला उर्फ अतर सिंह गुर्जर को घेरकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह मरणासन्न हालत में पहुंच गया। परिजनों का यह भी दावा है कि मारपीट के साथ-साथ लल्ला को गोली भी लगी थी, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

घटना के बाद परिजन बेसुध हालत में घायल युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। हालांकि, नूराबाद और टेकरी के बीच रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को वापस जिला अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मामला दर्ज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस के अनुसार, फरियादी की शिकायत पर इस मामले में लगभग सात लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और सोमवार को मृतक युवक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।