भरतपुर/भुसावर। राजस्थान में भरतपुर जिले के बयाना से पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता अतर सिंह भड़ाना (68) की ग्रामीणों ने लाठी और पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना रविवार शाम करीब 6:30 बजे वैर उपखंड के भौंड़ा गांव स्थित उनके क्रेशर खनन लीज (प्लांट) पर हुई। हमले में उनका सहयोगी गगन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पूर्व विधायक के खान परिसर स्थित दो कमरों के कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और ग्रामीण गांव छोड़कर फरार हो गए हैं।
पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश के अनुसार, अतर सिंह रविवार शाम अपने क्रेशर प्लांट पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद 70 से 80 लोगों की भीड़ ने उन पर अचानक लाठी-पत्थरों से हमला बोल दिया। गंभीर हालत में उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव फरीदाबाद (हरियाणा) स्थित पाली लेकर रवाना हो गए हैं।
चारागाह भूमि और अवैध खनन को लेकर 4 साल से था विवाद थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि क्रेशर को लेकर ग्रामीणों और संचालक के बीच पिछले चार वर्षों से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप था कि अतर सिंह ने चारागाह भूमि पर अतिक्रमण कर रखा था और वहां अवैध खनन किया जा रहा था। इसके अलावा लीज के रास्ते को लेकर भी गतिरोध बना हुआ था। विवाद के कारण पिछले एक साल से क्रेशर बंद पड़ा था। रविवार को अतर सिंह इसे दोबारा शुरू करवाने के सिलसिले में वहां पहुंचे थे, जहां धरने पर बैठे ग्रामीणों से उनकी कहासुनी हो गई और मामला हिंसक हमले में बदल गया।
कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, विपक्ष हमलावर घटना के बाद राज्य की राजनीति गर्मा गई है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के मन से कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, कोटा उत्तर के पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल और बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। नेताओं का कहना है कि संभावित खतरे और विवाद की जानकारी पहले से होने के बावजूद पुलिस ने समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए।














