मुंबई। हिंदी फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री मंदाकिनी भले ही अब फिल्मों में पहले की तरह सक्रिय नहीं हैं लेकिन सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं। वह इंस्टाग्राम पर अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़े पल साझा करती रहती हैं। इस कड़ी में उन्होंने मनाली की खूबसूरत वादियों का वीडियो शेयर किया और पहाड़ों में घूमने का अनुभव साझा किया।

मंदाकिनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मनाली से जुड़ा एक वीडियो साझा किया है। इसमें वह ब्लू कलर के कुर्ते और ब्लैक पैंट में नजर आ रही हैं। वीडियो में वह हरी-भरी वादियों के बीच घूमती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान उन्होंने एक बकरी को पकड़ा हुआ हैं और मुस्कुराते हुए आगे बढ़ रही हैं। वीडियो में मनाली की प्राकृतिक खूबसूरती और वहां का शांत वातावरण भी देखने को मिल रहा है।

इस वीडियो के साथ मंदाकिनी ने मनाली में बिताए खूबसूरत दिनों को याद किया। उन्होंने बर्फ से ढके पहाड़ों, शानदार नजारों और प्रकृति की शांति के बीच दोबारा लौटने की इच्छा जताई। उन्होंने लिखा, ''मनाली में बिताए उन खूबसूरत दिनों की याद आ रही है। बर्फ से ढके पहाड़ों, शानदार नजारों और प्रकृति की शांत खूबसूरती के बीच दोबारा जाने का मन कर रहा है। कुछ जगहें सिर्फ यादें ही नहीं देतीं बल्कि हमारे दिल का एक हिस्सा भी अपने साथ जोड़ लेती हैं। जब तक हम दोबारा नहीं मिलते, मनाली... जल्द ही पहाड़ों में, प्रकृति के जादू के बीच फिर मुलाकात होगी।''

मंदाकिनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी चर्चित फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' के रिलीज को 41 साल पूरे होने पर खुशी जताई थी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इतने साल बीतने के बाद भी फिल्म को दर्शकों से मिलने वाला प्यार उनके लिए बेहद खास है। इस फिल्म के बाद उन्होंने 'डांस डांस', 'कमांडो', 'जीते हैं शान से' और 'नाइंसाफी' जैसी फिल्मों में भी काम किया।