भिंड, अक्षय जोशी। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब उधार शराब न देने से नाराज बदमाशों ने शराब ठेके के मैनेजर के किराए के मकान में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से पहुंचे थे और आते ही उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे पर लात मारकर अंदर प्रवेश किया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

बंदूक के बट और लाठी-डंडों से की जमकर मारपीट

मूल रूप से झांसी निवासी और वर्तमान में दबोह के वार्ड नंबर 8 में रह रहे ठेका मैनेजर रवि शिवहरे ने बताया कि घटना के समय उनका रसोइया दुर्जन सिंह नीचे खाना खा रहा था। आरोपियों ने खुद को क्षेत्र का गुंडा बताते हुए पहले रसोइये के साथ मारपीट की। जब मैनेजर रवि शिवहरे बीच-बचाव के लिए नीचे आए, तो आरोपी अमित यादव ने बंदूक के बट से उनके कान के पीछे जोरदार हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए।

सेल्समैनों ने बचाई जान, समथर तिराहे की ओर भागे आरोपी

घटना के दौरान वहां मौजूद सेल्समैन रघुनाथ राजावत और अभिषेक शिवहरे ने किसी तरह बीच-बचाव कर मैनेजर की जान बचाई। पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बेखौफ बदमाश हाथों में बंदूकें लहराते और मारपीट करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी समथर तिराहे की ओर फरार हो गए।

पुलिस ने बीएनएस की गंभीर धाराओं में दर्ज किया मामला

सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित मैनेजर की शिकायत के आधार पर दबोह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी अमित यादव और जीतू राजावत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।