भिंड, अक्षय जोशी। पुलिस ने बुजुर्गों को अपने जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलने वाले एक शातिर हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह गिरोह बुजुर्गों को अपना निशाना बनाता था। गैंग की महिला सदस्य किसी रिश्तेदार या परिचित से संबंध का हवाला देकर पहले पीड़ित बुजुर्ग से नजदीकी बढ़ाती थी और फिर मुलाकात के बहाने उन्हें अपने जाल में फंसा लेती थी। हाल ही में इस गिरोह ने फरियादी बुजुर्ग को भिंड के सर्किट हाउस के पास मिलने के बहाने बुलाया और उनका अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
गिरोह ने पीड़ित बुजुर्ग को अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने, झूठे दुष्कर्म के केस में फंसाने तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की अड़ेबाजी की। आरोपी इस कदर हावी थे कि उन्होंने ब्लैकमेल कर फरियादी से महज दो घंटे के भीतर 1 लाख रुपये ऐंठ लिए।
परेशान होकर पीड़ित ने मामले की शिकायत देहात थाना पुलिस से की। एसपी सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन और देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सर्किट हाउस के पास से एक महिला और उसके एक पुरुष साथी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह के फरार एक महिला और एक पुरुष आरोपी पहले भी हनीट्रैप के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। पुलिस अब गैंग के फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है और इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है।











