सीहोर, जीतेन्द्र यादव: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के ग्राम कोसमी में प्रशासन और वन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पूरी कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे स्थानीय जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक सुनियोजित साजिश बताया है।
भाजपा के कट्टर समर्थकों को बनाया जा रहा है निशाना
शिवराज सिंह चौहान ने प्रशासन के रवैये पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि जिन गरीब और समर्पित लोगों की बदौलत आज पार्टी सत्ता में है और डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री बने हैं, उन्हीं के साथ इस तरह का बर्ताव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले ही अधिकारियों से ऐसी कठोर कार्रवाई न करने का अनुरोध किया था, लेकिन इसके बावजूद दोबारा कार्रवाई को दोहराया गया।
सरकार और पार्टी को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश
अपने संसदीय क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे सरकार और भाजपा की छवि धूमिल करने का प्रयास बताया है। इस प्रशासनिक कदम के बाद से स्थानीय स्तर पर प्रभावित परिवारों और समर्थकों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है।












