छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिलेवासियों को जल्द ही ट्रैफिक जाम और रेलवे फाटक बंद रहने की समस्या से बड़ी राहत मिलने जा रही है। सांसद बंटी विवेक साहू के लगातार प्रयासों के बाद चारफाटक और कुंडा रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज तथा लोधीखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
बुधवार को सांसद बंटी विवेक साहू ने रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ चारफाटक क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रस्तावित अंडरब्रिज निर्माण के संभावित स्थानों का जायजा लेते हुए अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बताया जा रहा है कि जल्द ही परियोजना की डीपीआर तैयार की जाएगी।
चारफाटक रेलवे क्रॉसिंग शहर की सबसे व्यस्त क्रॉसिंगों में शामिल है, जहां दिनभर ट्रेनों की आवाजाही के चलते फाटक कई बार बंद रहता है। इससे लोगों को भारी ट्रैफिक जाम और परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासी लंबे समय से यहां अंडरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे थे।
इसी प्रकार कुंडा और लोधीखेड़ा क्षेत्र में भी रेलवे फाटक बंद रहने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सांसद बंटी विवेक साहू ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार चर्चा की थी। सांसद की सक्रिय पहल के बाद अब रेलवे प्रशासन ने निर्माण कार्य की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सांसद के प्रयासों से चारफाटक रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर सिग्नल और सायरन लगाए गए थे, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार देखने को मिला था। अब अंडरब्रिज और ओवरब्रिज बनने से हजारों लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।




