छतरपुर, संतोष शिवहरे। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम धौरी में एक महिला के साथ रास्ते में गाली-गलौज, मारपीट की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता राजाबाई बसोर पति जीवनलाल बसोर ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, 27 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी चाची सास के घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में सुल्लू बसोर लोडर वाहन से लकड़ी के फट्टे फेंक रहा था। एक फट्टा उसके हाथ में लगने से चोट आई और खून निकलने लगा। विरोध करने पर सुल्लू के पुत्र पुत्तू उर्फ कैलाश बसोर ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि वह दोबारा इस रास्ते से आई तो उसे जान से खत्म कर देंगे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने पुलिस का डर नहीं होने की बात कहते हुए उसके साथ मारपीट करने का प्रयास किया।
घटना के बाद पीड़िता शिकायत लेकर ओरछा रोड थाना पहुंची, लेकिन उसके अनुसार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए हैं और वे लगातार धमकियां दे रहे हैं। अब उसने एसपी से मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।











