छतरपुर, संदीप यादव। छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। बगमऊ के पास आमने-सामने दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीरा टहनगा निवासी सुरेश अहिरवार (36) पिता हिरूआ अहिरवार एवं हीरा अहिरवार (46) पिता ठकुरा अहिरवार शनिवार रात करीब 10 बजे परसनियां से अपने गांव पीरा लौट रहे थे। इसी दौरान बगमऊ के समीप सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हीरा अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं गंभीर रूप से घायल सुरेश अहिरवार को तत्काल लवकुशनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। बताया गया है कि मृतक सुरेश और हीरा आपस में मौसेरे भाई थे। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी थी।
रविवार को पुलिस की मौजूदगी में हीरा अहिरवार का पोस्टमार्टम लवकुशनगर अस्पताल तथा सुरेश अहिरवार का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल छतरपुर में कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

