टीकमगढ़,मोहसिन हमदाहिल। शहर में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को पूरे उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। सिविल लाइन स्थित ईदगाह में सुबह 8:00 बजे बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकत्र होकर नमाज अदा की। नमाज का नेतृत्व मुफ्ती शहंशाह साहब ने किया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
नमाज के दौरान देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। छोटे-बड़े, बुजुर्ग और युवा सभी में त्योहार को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। ईदगाह परिसर में खुशियों का माहौल छाया रहा और लोगों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी साझा की।
ईदगाह प्रबंधक कमेटी द्वारा भी सभी नागरिकों को ईद की शुभकामनाएं दी गईं। अंजुमन सदर अब्दुल रज्जाक साहब ने इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए आपसी एकता, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार हमें भाईचारे और मिल-जुलकर रहने की सीख देता है, जिसे हमें हमेशा अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर टीकमगढ़ सदर विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला भी ईदगाह पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं और गले मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। वहीं पत्रकार मोहसिन अहमद ने भी सभी को ईद की मुबारकबाद देते हुए समाज में सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
त्योहार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए टीकमगढ़ पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई और एसडीओपी राहुल कटरे मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
ईद के इस पावन अवसर पर पूरे शहर में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। लोगों ने मिलकर त्योहार की खुशियां मनाईं और एक-दूसरे के साथ अपनापन साझा किया, जिससे सामाजिक एकता का संदेश मजबूत हुआ।

