नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके में स्टंटबाजी एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गई। पवन नाम के करीब 28 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर वीडियो बनाते समय खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, युवक अपने चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल से स्टंट वीडियो बना रहा था।


बताया जा रहा है कि पवन ने पिस्टल में मैगजीन डालकर उसे अपने सीने पर रखा और ट्रिगर दबा दिया। गोली सीधे उसके दिल में जा लगी। घटना के बाद उसे तुरंत धर्मशिला अस्पताल, वसुंधरा एन्क्लेव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


जांच में सामने आया कि जिस पिस्टल से गोली चली, वह उसके चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंसी पिस्टल थी। घटना के समय हिमांशु मौके पर मौजूद था और वह पूरी घटना का वीडियो भी बना रहा था। पुलिस ने मौके से पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस और वीडियो रिकॉर्डिंग वाला मोबाइल जब्त कर लिया है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है।


पुलिस ने थाना न्यू अशोक नगर में बीएनएस की धारा 105 और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल शुरुआती जांच में इसे आत्मघाती घटना माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।