छतरपुर(संदीप यादव)। जिला पुलिस ने गुलगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई एक वृद्ध महिला की अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज मामला पैसों और जेवरों के लालच से जुड़ा है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी ही सास को मौत के घाट उतार दिया।


रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में घटना का खुलासा करते हुए एसपी अगम जैन ने बताया कि बीते 8 अप्रैल 2026 को देवरी जंगल के पास धसान नदी के किनारे एक अज्ञात वृद्ध महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना गुलगंज पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्यों को एकत्रित किया। मृतका की पहचान भंती कुशवाहा के रूप में हुई। मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन और आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने संदेह के आधार पर मृतका के दामाद मूलचन्द्र कुशवाहा, निवासी सटई को हिरासत में लेकर पूछताछ की।


सघन पूछताछ के दौरान आरोपी मूलचन्द्र ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने आभूषण और नकदी हड़पने के लालच में इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अर्पित पारासर सहित एफएसएल अधिकारी और पुलिस बल की मुख्य भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुँचने में सफलता हासिल की।