छतरपुर,जीतेंद्र तिवारी। छतरपुर जिले के चंदला विधानसभा क्षेत्र के बंसिया गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक खेत के कुएं में तेंदुए का शव मिला। मामले की जांच के दौरान वन विभाग को मौके से कई जानवरों के कंकाल भी मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। फिलहाल खेत मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बंसिया गांव निवासी फूलचंद अग्निहोत्री के खेत पर बने बिना मुंडेर के कुएं में तेंदुए का शव होने की सूचना वन विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इस दौरान जिले के वरिष्ठ अधिकारी, खजुराहो रेंज का स्टाफ और पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम भी मौके पर पहुंची।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तेंदुए के शव को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन देर शाम हो जाने के कारण वन्यजीव प्रोटोकॉल के तहत पोस्टमार्टम नहीं किया जा सका। डीएफओ ऋषि मिश्रा ने अगले दिन सुबह कार्रवाई के निर्देश दिए और रात भर शव की सुरक्षा के लिए वन अमले की ड्यूटी लगाई गई। खजुराहो डिप्टी रेंजर निलेश प्रजापति की निगरानी में वनकर्मियों ने पूरी रात मौके पर पहरा दिया।
शनिवार सुबह पन्ना टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची और सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। सर्चिंग के दौरान खेत से लगी झाड़ियों में दो से तीन जानवरों के कंकाल बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से करंट फैलाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बिजली के तार और खूंटियां भी मिली हैं।
(निलेश प्रजापति, डिप्टी रेंजर):
“मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर खेत मालिक को हिरासत में लिया गया है। कंकालों के सैंपल जांच के लिए जबलपुर भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि ये कंकाल वन्य जीवों के हैं या पालतू जानवरों के। फिलहाल मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।”
वीओ (समापन):
वन विभाग अब इस पूरे मामले को गंभीरता से जांच रहा है। प्राथमिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि खेत में करंट बिछाकर जानवरों का शिकार किया जा रहा था। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

