भोपाल। मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों पर महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है। मंगलवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में फिर 90 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी। इससे पहले भी करीब 3-3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की जा चुकी थी। ऐसे में कुछ ही दिनों में ईंधन के दाम लगभग 4 रुपए तक बढ़ गए हैं।


राजधानी भोपाल में अब पेट्रोल 110.74 रुपए प्रति लीटर और डीजल 95.90 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें देश के कई अन्य राज्यों की तुलना में अधिक हैं। इसकी बड़ी वजह प्रदेश में लगने वाला ज्यादा वैट टैक्स माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि एमपी के लोगों को कई राज्यों की तुलना में प्रति लीटर करीब 12 रुपए ज्यादा चुकाने पड़ रहे हैं। ईंधन के बढ़ते दामों का असर अब आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। परिवहन खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो रही हैं। वहीं घरेलू बजट पर भी असर पड़ रहा है और रसोई का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।


महंगाई को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार से पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देश के सबसे महंगे पेट्रोल वाले शहरों में भोपाल शामिल हो गया है। उनके मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल करीब 98.67 रुपए प्रति लीटर है, जबकि भोपाल में इसकी कीमत 110 रुपए से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता को राहत देने के लिए वैट टैक्स में कमी करनी चाहिए।