भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी मुख्यमंत्री ने स्वयं सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए दी। हालांकि इसे औपचारिक और सौजन्य भेंट बताया गया है, लेकिन प्रदेश की राजनीति में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बैठक में मध्यप्रदेश की संगठनात्मक रणनीति, सरकार और संगठन के बीच समन्वय तथा आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा हुई हो सकती है।
हाल के दिनों में प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक फेरबदल, संभावित राज्यसभा चुनाव, नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री की दिल्ली यात्रा को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा केंद्रीय नेतृत्व मध्यप्रदेश में संगठन और सरकार के तालमेल को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। वहीं दतिया में संभावित उपचुनाव सहित क्षेत्रीय समीकरणों पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। मुलाकात के बाद प्रदेश भाजपा के भीतर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि पार्टी की ओर से इसे सामान्य शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन राजनीतिक जानकार इसे आने वाले समय में बड़े राजनीतिक फैसलों की भूमिका के तौर पर देख रहे हैं।



