शाहनगर,प्रकाश तिवारी। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर गुरुवार शाम शाहनगर नगर में भव्य एवं विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा, उत्साह और भक्ति से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा का शुभारंभ साई मंदिर शिवनगर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जहां से भगवान श्री हनुमान जी की आकर्षक झांकी के साथ यात्रा नगर भ्रमण के लिए निकली।
यह शोभायात्रा साई मंदिर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, अस्पताल चौराहा, हरदौल चौक, बजरंग चौक एवं गांधी चौक जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और “जय श्रीराम” व “जय बजरंगबली” के जयकारों से माहौल गूंज उठा।
शोभायात्रा में भगवान श्री हनुमान जी की मनमोहक झांकियां, भगवा ध्वज, डीजे एवं भक्ति संगीत के साथ युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। श्रद्धालुओं का जोश देखते ही बन रहा था। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। नगर भ्रमण के पश्चात शोभायात्रा का समापन राम जानकी मंदिर में विधि-विधान के साथ किया गया, जहां भगवान की आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न हिन्दू संगठनों एवं नगरवासियों का विशेष योगदान रहा।

