छतरपुर,संदीप यादव। छतरपुर में ईद के मौके पर एक बार फिर सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। ईदगाह के बाहर मुस्लिम समाज के लोगों ने दुकानों पर बैठे हिंदू भाइयों को गुलाब का फूल देकर ईद की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम का संदेश दिया।
ईद के पावन अवसर पर जहां एक ओर नमाज अदा की गई, वहीं दूसरी ओर सामाजिक एकता और भाईचारे का अनूठा दृश्य भी देखने को मिला। मुस्लिम समाज के अंजार राइन सहित कई युवाओं ने ईदगाह के बाहर दुकान लगाए हिंदू समाज के लोगों के पास पहुंचकर उन्हें गुलाब का फूल भेंट किया और ईद की मुबारकबाद दी।
इस दौरान अंजार राइन ने दुकानदारों से बातचीत करते हुए उनसे पूछा कि क्या कभी मुस्लिम समाज के लोगों ने उन्हें किसी प्रकार की परेशानी दी है। इस पर दुकानदारों ने भी आपसी सद्भाव और सहयोग की भावना को सराहा।अंजार राइन ने कहा कि “आप सभी भाई बेझिझक यहां दुकान लगाएं। अगर कभी किसी भी प्रकार की जरूरत पड़े तो हम लोग हमेशा आपके साथ खड़े हैं।” उन्होंने आगे कहा कि समाज में प्रेम, सादगी और एकता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
अंजार राइन – मुस्लिम समाज
“हम सब एक हैं, त्योहार खुशियां बांटने के लिए होते हैं। हम चाहते हैं कि हर धर्म के लोग मिलजुलकर रहें और एक-दूसरे के त्योहारों में खुशी से शामिल हों।” इस पहल ने न केवल वहां मौजूद लोगों का दिल जीता, बल्कि पूरे क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश भी दिया कि आपसी प्रेम और भाईचारे से ही समाज मजबूत बनता है।
ईद के इस खास मौके पर छतरपुर से आई यह तस्वीर बताती है कि आज भी समाज में गंगा-जमुनी तहजीब जिंदा है, जहां लोग धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत को प्राथमिकता देते हैं।
