भोपाल,जीतेन्द्र यादव। माध्यमिक शिक्षक (वर्ग-2) एवं प्राथमिक शिक्षक (वर्ग-3) भर्ती 2025 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने राजधानी भोपाल स्थित अंबेडकर पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि दोनों भर्तियों में घोषित पद बेहद कम हैं, जबकि प्रदेश में बड़ी संख्या में शिक्षक पद रिक्त पड़े हुए हैं।


अभ्यर्थियों ने सरकार से वर्ग-2 भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने और जल्द से जल्द काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि वे किसी योजना पर निर्भर नहीं रहना चाहते, बल्कि स्वावलंबी बनकर रोजगार प्राप्त करना चाहते हैं।


प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक मुख्यमंत्री उनसे मुलाकात कर उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लेते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की भी बात कही है।