इंदौर। इंदौर की राऊ थाना पुलिस ने होटल-ढाबों की चेकिंग अभियान के तहत कैट रोड स्थित 'राजा भोज' ढाबे पर बड़ी छापामार कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस के ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसने के आरोप में ढाबे के दो संचालकों सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि पकड़े गए मुख्य आरोपी शिलांग के चर्चित 'हनीमून मर्डर मिस्ट्री' में मारे गए मृतक राजा रघुवंशी के सगे भाई हैं।
बिना लाइसेंस परोसी जा रही थी शराब, आबकारी एक्ट में केस दर्ज
राऊ क्षेत्र की एसीपी (ACP) निधि सक्सेना के अनुसार, पुलिस की रूटीन चेकिंग के दौरान कैट रोड स्थित राजा भोज ढाबे पर ग्राहकों को गैर-कानूनी तरीके से शराब उपलब्ध कराई जा रही थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ढाबा मैनेजर सचिन रघुवंशी, उसके भाई विपिन रघुवंशी और 4 अन्य आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।
शिलांग हनीमून मिस्ट्री के मृतक के नाम पर खोला था ढाबा
पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपी सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी पिछले साल मेघालय के शिलांग में हुए चर्चित 'हनीमून मर्डर कांड' के मृतक राजा रघुवंशी के बड़े भाई हैं। दोनों भाइयों ने अपने दिवंगत भाई की याद में ही 'राजा भोज' नाम से इस ढाबे का संचालन शुरू किया था।
कर्मचारियों का सत्यापन न कराने पर BNS की धारा 223 के तहत भी कार्रवाई
पड़ताल के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि ढाबा संचालकों ने वहां काम करने वाले बाहरी कर्मचारियों की जानकारी नियम अनुसार संबंधित थाने में जमा नहीं कराई थी। नियम-कायदों के इस उल्लंघन पर पुलिस ने ढाबा संचालक विपिन रघुवंशी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता/भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 (सरकारी आदेश के उल्लंघन) के तहत भी एक अतिरिक्त मामला दर्ज किया है।
आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर भेजा गया जेल
राऊ पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से शराब परोसने वाले होटल और ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने गिरफ्तार सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।




