चंदला,जीतेंद्र तिवारी छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब बंजारी मार्ग पर दो गुटों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार रात करीब 8 बजे किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना में सचिन आजाद नामक युवक की गर्दन पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल अवस्था में सचिन आजाद सहित अन्य घायलों को तत्काल चंदला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।


स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद सचिन आजाद की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।


वहीं, घटना के बाद एक और विवादित स्थिति उस समय उत्पन्न हो गई जब स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद मीडियाकर्मियों को कवरेज करने से रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि सचिन आजाद ने स्वयं मीडियाकर्मियों को वीडियो न बनाने की धमकी दी और उंगली दिखाकर उन्हें डराने की कोशिश की।


पुलिस सूत्रों के अनुसार सचिन आजाद के खिलाफ पहले से ही चंदला थाने में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। घटना के बाद चंदला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समीर और महफूज अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी आपस में भाई बताए जा रहे हैं।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।