अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट: 2 लाख करोड़ के निवेश से लाखों लोगों को मिलेगी नई समृद्धि

ग्वालियर के कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री अमित शाह
Advertisement
2 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 10 हजार करोड़ की परियोजनाओं का भूमि पूजन-लोकार्पण
ग्वालियर। मेला ग्राउंड पर गुरुवार को अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट – निवेश से रोजगार का भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम शुरू हुआ। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त रूप से इसका शुभारंभ किया। दोनों नेताओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
अमित शाह ने मंच से ग्वालियर व्यापार मेला और अटल म्यूजियम का उद्घाटन किया। इसके बाद 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। यह समिट भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित की गई है।
समिट में 2 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्तावों के लिए भूमि आवंटन होगा। 10 हजार करोड़ से अधिक की औद्योगिक परियोजनाओं का भूमि पूजन और लोकार्पण किया जाएगा। इससे प्रदेश में विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग सहित कई कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे।
समिट में देश के प्रमुख उद्योगपति और संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। गोदरेज इंडस्ट्रीज, गौतम सोलर, हीडलबर्ग सीमेंट, एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप, जेके टायर, टोरेंट पावर, मैकेन फूड, एलिक्सर इंडस्ट्रीज, ग्रीनको, जुपिटर वैगन्स, डाबर इंडिया, वर्धमान ग्रुप, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड जैसे बड़े नाम मौजूद रहे।
अमित शाह के दौरे को देखते हुए शहर 17 घंटे हाई अलर्ट पर रहा। सीआरपीएफ कमांडो ने सुरक्षा की कमान संभाली। कार्यक्रम स्थलों और मार्गों का निरीक्षण किया गया। पूरा क्षेत्र नो फ्लाइंग जोन रहा। पुलिस और सीआरपीएफ ने फाइनल रिहर्सल कर तैयारियां परखीं।
समिट में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से प्रदेश में लाखों लोगों के जीवन में नई समृद्धि आएगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस अवसर पर श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेले का शुभारंभ हुआ। अटल संग्रहालय के उन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया गया। उद्यमियों का सम्मान और आशय-पत्रों का वितरण भी हुआ।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे। यह समिट अटल जी की जयंती पर प्रदेश को निवेश और विकास की बड़ी सौगात देने वाला आयोजन बन गया। ग्वालियर और पूरे मध्यप्रदेश के लिए यह दिन ऐतिहासिक रहा।
