छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के प्रमुख चौक बाजार क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में चार दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, चोरों ने चौक बाजार स्थित चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब व्यापारी अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए।


एक साथ चार दुकानों में चोरी की घटना सामने आने के बाद व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि चौक बाजार शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, इसके बावजूद रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए बाजार क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।


व्यापारियों ने कहा कि यदि रात के समय पुलिस की प्रभावी गश्त होती तो इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ने का प्रयास कर रही है।