कमल यादव, नौगांव। छतरपुर जिले के नौगांव स्थित श्री-श्री 1008 श्री बालाजी सिद्धेश्वर सरकार दंगल मेला महोत्सव के अवसर पर विशाल कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन ने क्षेत्र की कुश्ती परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया। दंगल में दिल्ली, हरियाणा, बनारस, अयोध्या, सतना, रीवा, बहुआ और जालौन सहित देश के कई अंचलों से आए पहलवानों ने अपने दमखम, फुर्ती और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।


हरियाणा की मुस्कान ने सतना के पहलवान को दी धोबी पछाड़

दंगल का सबसे रोमांचक और मुख्य आकर्षण महिला पहलवान का मुकाबला रहा: हरियाणा से आईं महिला पहलवान मुस्कान ने अखाड़े में उतरकर पुरुष पहलवान को चुनौती दी। उन्होंने जबरदस्त आत्मविश्वास और दांव-पेच का प्रदर्शन करते हुए सतना के पहलवान को कई बार धोबी पछाड़ दी और अंततः चित्त कर मुकाबला अपने नाम किया। मुस्कान के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।


अयोध्या के छोटे बाबा ने लगातार दो पहलवानों को पटखनी दी

अयोध्या से आए युवा पहलवान के दांव-पेच भी दंगल का विशेष आकर्षण रहे: अयोध्या के लगभग 25 वर्षीय पहलवान 'छोटे बाबा' ने अखाड़े में एक के बाद एक सतना के दो पहलवानों का सामना किया। छोटे बाबा ने अपनी बेजोड़ फुर्ती और सटीक दांव-पेच के बल पर दोनों पहलवानों को चित्त कर दिया।


परंपरा और जनभागीदारी का अद्भुत संगम

नौगांव के इस पारंपरिक मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक भारी संख्या में दर्शक दंगल का आनंद लेने पहुंचे: विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों ने अपनी-अपनी तकनीक और ताकत का प्रदर्शन कर आयोजन को यादगार बना दिया। सिद्धेश्वर सरकार दंगल मेला महोत्सव ने क्षेत्र में पारंपरिक भारतीय खेलों और पहलवानी संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।