दमोह/बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़ थाना क्षेत्र की फुटेरा चौकी अंतर्गत अगारा गांव में जमीन के विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में घायल महिला को डायल-112 पुलिस की मदद से उपचार के लिए बटियागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया गया।


जानकारी के अनुसार, अगारा गांव निवासी हीराबाई के साथ जमीन के विवाद को लेकर मारपीट की गई। घायल महिला ने अपने देवर भूरा, कल्याण और नन्नेभाई पर धारदार हथियार से हमला करने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।


पीड़िता और उसके पति का आरोप है कि उन्होंने अपने हिस्से की जमीन बेच दी थी, जिसको लेकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विवाद हुआ। आरोप है कि इसी विवाद के चलते महिला के साथ मारपीट की गई। महिला के पति ने अपने पुत्र और बहू के भी चोटिल होने का आरोप लगाया है।


घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भेजा। मामले की जानकारी मिलने के बाद बटियागढ़ थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों को लेकर जांच की जा रही है।