उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान सोमवार को हुए उपद्रव के बाद पांचवें दिन भी स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गुरुवार को मीनार का एक हिस्सा गिरने के बाद उत्पन्न तनाव और शुक्रवार को जुमे की नमाज की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने पूरे इलाके में बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया है।
शाही मस्जिद के 500 मीटर दायरे में आवाजाही बंद; प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने शाही मस्जिद से करीब 500 मीटर दूर तक बैरिकेड्स लगा दिए हैं और आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। गुदरी चौराहा, कंठाल, खारा कुआं थाना और गेबी हनुमान मंदिर क्षेत्र के आगे से ही लोगों को रोका जा रहा है। पुलिस ने संवेदनशील मार्गों पर चेकिंग पॉइंट बनाए हैं, जहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है।
यह भी पढिए: इंदौर के भागीरथपुरा कांड के जांच आयोग ने मानी पानी प्रदूषित होने की बात
जुमे की नमाज के समय (1 से 3 बजे) सुरक्षा के विशेष प्रबंध
शुक्रवार दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच जुमे की नमाज के मद्देनजर प्रशासन ने मुस्लिम बाहुल्य व आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती है: जामा मस्जिद (सब्जी मंडी), केसवानी मोहल्ला, कबाड़ा बाजार, केडी मदीना मस्जिद, लोहे का पुल, कोट मोहल्ला चौराहा, महाकाल मंदिर चौराहा और लखेरवाड़ी क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। नमाज के समय मस्जिदों के बाहर भीड़ एकत्र न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को अलग-अलग पॉइंट पर तैनात कर अतिरिक्त बल को रिजर्व रखा गया है।
यह भी पढिए: भोपाल में आयोजित फेस्टिवल में जुटे 200 कलाकार, सीएम मोहन यादव ने किया उद्घाटन
RAF, STF और CRPF की 3 कंपनियां मुस्तैद; ड्रोन व CCTV से निगरानी
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरएएफ (RAF), एसटीएफ (STF) और सीआरपीएफ (CRPF) की कुल 3 कंपनियां तैनात की गई हैं। संवेदनशील इलाकों में भीड़ प्रबंधन और आपात स्थितियों से निपटने के लिए 8 ड्रोन कैमरों और करीब 100 सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे की लाइव निगरानी की जा रही है।
प्रशासन का मुख्य फोकस इलाके में शांति बनाए रखने, जुमे की नमाज के दौरान भीड़ प्रबंधन को सुचारू रखने और शाही मस्जिद की ओर किसी भी अवांछित आवाजाही को रोकने पर केंद्रित है।











