भोपाल, जीतेन्द्र यादव। गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और आदर्शों को याद करते हुए कहा कि गांधी जी ने अपना पूरा जीवन देश और गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने अहिंसा के माध्यम से अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गांधी जी का जीवन देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और सेवा का मार्ग आज भी देश और समाज के लिए प्रेरणा देता है। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर समाज में शांति, सद्भाव और जनसेवा की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और राष्ट्रभक्ति को किया याद
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, राष्ट्रभक्ति और दृढ़ नेतृत्व को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ युद्ध के दौरान शास्त्री जी ने देशवासियों का मनोबल बढ़ाया था। उन्होंने देशहित में जनता से उपवास जैसे प्रयासों के माध्यम से योगदान देने की अपील की थी।
यह भी पढि़ए: छतरपुर की अमलतास कॉलोनी में सनसनीखेज वारदात:दिनदहाड़े हत्या से इलाके में दहशत, घटनास्थल को किया गया सील, जांच में जुटे आला अधिकारी
स्वदेशी और ‘मेड इन इंडिया’ को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है। देश में स्वदेशी और ‘मेड इन इंडिया’ की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से देश की आत्मनिर्भरता और विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विमान हादसे में यात्रियों को बचाने वाले भारतीय की सराहना
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इजरायल में हुए विमान हादसे के दौरान यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय नागरिक की बहादुरी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जिंदगी बचाना गौरव और प्रेरणा का विषय है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस बहादुर भारतीय नागरिक को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।










