सागर/बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। गांधी जयंती के अवसर पर बीना नगर पालिका परिषद की ओर से सफाई दूतों को टी-शर्ट और थैले वितरित किए गए। नगर पालिका के 25 वार्डों में 200 से अधिक सफाई दूत स्वच्छता व्यवस्था में सेवाएं दे रहे हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार, उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया, सीएमओ राहुल कोरव सहित पार्षद और नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।

महिला सफाई दूतों ने टी-शर्ट को लेकर जताई आपत्ति

कार्यक्रम के दौरान महिला सफाई दूतों को भी टी-शर्ट वितरित की गईं। महिलाओं ने टी-शर्ट को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि वे ड्यूटी के दौरान साड़ी पहनती हैं, ऐसे में साड़ी के ऊपर टी-शर्ट पहनना उनके लिए सुविधाजनक नहीं है। कर्मचारियों ने महिला सफाई दूतों की ड्रेस को ध्यान में रखकर सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही।

सफाई दूतों के लिए आई सामग्री पार्षदों के ले जाने पर उठे सवाल

वितरण के दौरान कुछ पार्षदों द्वारा सफाई दूतों के लिए आई टी-शर्ट और थैले ले जाने की बात भी सामने आई। इसे लेकर मौके पर मौजूद कर्मचारियों के बीच नाराजगी और चर्चा देखने को मिली। कर्मचारियों का कहना था कि सामग्री सफाई दूतों के उपयोग के लिए लाई गई थी, ऐसे में इसका वितरण उन्हीं तक सीमित रहना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान बना चर्चा का विषय

गांधी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, लेकिन टी-शर्ट और थैलों के वितरण को लेकर उठे सवालों के कारण कार्यक्रम चर्चा में आ गया। अब यह सवाल भी उठ रहा है कि सफाई दूतों के लिए उपलब्ध कराई गई सामग्री का वितरण किस प्रक्रिया के तहत किया गया और कितनी सामग्री सफाई कर्मचारियों तक पहुंची।