पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। अजयगढ़ में ऑटो-टैक्सी और ई-रिक्शा के संचालन को लेकर बस संचालकों ने पुलिस से शिकायत की है। बस संचालकों का आरोप है कि कई ऑटो-टैक्सी और ई-रिक्शा बिना परमिट, फिटनेस और बीमा के लंबी दूरी की सवारियां ढो रहे हैं, जिससे वैध रूप से संचालित यात्री बसों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।


बस संचालकों ने अजयगढ़ थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि बस स्टैंड और जयस्तंभ चौक से ऑटो-टैक्सी एवं ई-रिक्शा द्वारा नरैनी, करतल, पन्ना, बीरा, चंदला, कालिंजर सहित अन्य स्थानों के लिए सवारियां ले जाई जा रही हैं। आरोप है कि ये वाहन कई बार यात्री बसों के आगे-आगे चलकर सवारियां ले जाते हैं।


बस संचालकों का कहना है कि वे रोड टैक्स, परमिट, बीमा, फिटनेस सहित शासन द्वारा निर्धारित विभिन्न शुल्क और दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करते हैं। इसके बावजूद लंबी दूरी तक ऑटो-टैक्सी और ई-रिक्शा से सवारियां ले जाने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।


यह भी पढि़ए: दुकान में घुसकर शराब की बोतलें ले जाने का वीडियो सामने आया:बाबरी शराब दुकान पर फायरिंग के बाद लूट का वीडियो वायरल, कुलदीप यादव समेत अन्य पर आरोप



आवेदन में यह भी कहा गया है कि ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन के लिए निर्धारित क्षेत्र की सीमा होने के बावजूद कुछ वाहन चालक कथित तौर पर 40 से 50 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों तक सवारियां लेकर जा रहे हैं। बस संचालकों ने आरोप लगाया कि इस तरह के अनियमित संचालन से सड़क सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।


बस एसोसिएशन के संचालकों ने अजयगढ़ थाना प्रभारी से मामले की जांच कर नियमों के विपरीत संचालित किए जा रहे ऑटो-टैक्सी और ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई करने तथा लंबी दूरी तक सवारी ढोने पर रोक लगाने की मांग की है।