सागर, स्वाति सोलंकी। चकराघाट वार्ड में वैद्य वाली गली के पास नवरंग वालों के बाजू में स्थित दो मंजिला कच्चे खपरेल का मकान वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा है। भवन की खराब स्थिति को देखते हुए आसपास के रहवासियों में हादसे की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि मकान का कोई हिस्सा कभी भी गिर सकता है, जिससे जनहानि या राहगीरों को नुकसान होने की आशंका है।


रहवासियों के अनुसार जर्जर मकान को लेकर नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन इसके बावजूद अब तक मौके पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि मकान के आसपास लगातार लोगों की आवाजाही रहती है, इसलिए खतरा केवल आसपास रहने वाले परिवारों तक सीमित नहीं है।


यह भी पढि़ए: छतरपुर में सरपंच का बेटा निकला चोर:दिल्ली गया था मजदूर, गांव में टूटा था ताला, चोरी की वारदात का पुलिस ने किया पर्दाफाश, 4 हिरासत में



पुराने खपरेल और निर्माण की जर्जर स्थिति बारिश तथा मौसम के प्रभाव से और खराब होने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर भवन का निरीक्षण करे और उसकी स्थिति का तकनीकी परीक्षण कराया जाए। यदि भवन खतरनाक पाया जाता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।


रहवासियों का कहना है कि किसी अप्रिय घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निरीक्षण कराने और संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।