छतरपुर, संदीप यादव। छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुछी में एक सूने मकान को निशाना बनाकर शादी के उपहार और कीमती घरेलू सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में सरपंच के बेटे और एक नाबालिग (विधि-विरुद्ध बालक) सहित कुल चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया अधिकांश मशरूका बरामद कर लिया है।

पीड़ित परिवार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, फरियादी किशोरी अहिरवार पिछले करीब एक महीने से रोजी-रोटी के सिलसिले में परिवार सहित दिल्ली में रहकर मजदूरी कर रहे थे। 26 सितंबर को जब वे गांव लौटे तो उनके मकान का ताला टूटा मिला और अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोर मकान से शादी में उपहार स्वरूप मिले पीतल व कांसे के बर्तन, मिक्सी, आयरन प्रेस, चांदी की चेन और नकदी सहित अन्य घरेलू सामान पार कर ले गए थे।

चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुखबिर तंत्र और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान पुछी निवासी सरपंच पुत्र विजय प्रजापति, बृजेश अहिरवार (निवासी पुछी) और सटई रोड निवासी चंद्रभान उर्फ क्रश राजपूत के रूप में हुई है, जबकि उनके साथ एक नाबालिग साथी को भी निरुद्ध किया गया है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से पीतल-कांसे के बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और चांदी की चेन सहित चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से शेष मशरूके की रिकवरी के प्रयास कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह गिरोह क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय और बाल न्यायालय में पेश किया जा रहा है।