सागर, जीशान खान । रिमझिरिया क्षेत्र स्थित छात्रावास में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्रावास की दूसरी मंजिल पर करीब 8 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। सफाई कर्मी की नजर अजगर पर पड़ते ही इसकी सूचना तत्काल छात्रावास प्रबंधन को दी गई। अजगर को देखकर छात्राओं में डर और दहशत का माहौल बन गया।
अजगर मिलने की सूचना सर्प विशेषज्ञ अकील बाबा को दी गई। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद करीब 8 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
छात्राओं के बीच पहुंचा अजगर, डर कम करने की कोशिश
अजगर के रेस्क्यू के बाद छात्राओं के मन में बने डर को कम करने के लिए अकील बाबा ने उन्हें सांप के बारे में जानकारी दी। जो छात्राएं कुछ देर पहले अजगर को देखकर घबरा गई थीं, उन्हें सुरक्षित दूरी और निगरानी में अजगर को करीब से दिखाया गया। इस दौरान छात्राओं ने अजगर के साथ फोटो भी खिंचवाईं।
प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जाएगा अजगर
सर्प विशेषज्ञ अकील बाबा ने बताया कि अजगर को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया गया है। इसे अब वन क्षेत्र के प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया जाएगा, ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में रह सके।
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद छात्रावास की छात्राओं और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। समय रहते रेस्क्यू किए जाने से किसी अप्रिय घटना की आशंका भी टल गई।













