रायगढ़/धरमजयगढ़ (रोहित तिर्की)। वडनगर से वाराणसी तक निकली ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का 1 अक्टूबर को हाटी क्षेत्र से धरमजयगढ़ पहुंचने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। बाइक रैली के धरमजयगढ़ पहुंचने पर दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बाइकर्स और यात्रा में शामिल लोगों का कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सांसद, राज्यसभा सांसद सहित जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री सुरेंद्र बेसरा, भाजपा रायगढ़ जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान, जिला महामंत्री जतिन साव, जिला उपाध्यक्ष गोकुल नारायण यादव, नगर पंचायत धरमजयगढ़ अध्यक्ष अनिल सरकार, उपाध्यक्ष जगन्नाथ यादव, पार्षद, एल्डरमैन तथा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमित शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

नाट्य प्रस्तुति में दिखाया प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विद्यालय के कलाकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के प्रसंग पर आधारित नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया। कलाकारों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों का सम्मान भी किया गया।

अटल और गांधी प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

2 अक्टूबर की सुबह सेवा संकल्प यात्रा से जुड़े अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय अटल परिसर पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

महाविद्यालय परिसर में किया पौधरोपण

इसके बाद यात्रा से जुड़े अतिथि और कार्यकर्ता स्थानीय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय परिसर पहुंचे। यहां प्राचार्य एवं शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने फलदार पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।

हाटी से धरमजयगढ़ तक दिखा कार्यकर्ताओं में उत्साह

वडनगर से वाराणसी की ओर बढ़ रही बाइक रैली के हाटी क्षेत्र से गुजरने के दौरान स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह यात्रा में शामिल बाइकर्स और यात्रियों का स्वागत किया गया। धरमजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के बाद यात्रा अपने अगले पड़ाव की ओर रवाना हुई।

सेवा, संकल्प, एकता और राष्ट्रभावना का संदेश लेकर आगे बढ़ रही ‘सेवा संकल्प यात्रा’ ने क्षेत्र में लोगों का ध्यान आकर्षित किया।