छतरपुर, संदीप यादव। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह कई परिवारों की खुशियां भी उजाड़ देता है। छतरपुर जिले के शिवराजपुर गांव से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपनी जान जोखिम में डालकर शराबी पति को बाइक चलाने से रोका। पति ने इसके बाद भी दबंगई दिखाते हुए पत्नी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे आहत होकर महिला ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की।

शिवराजपुर की घटना: जिद पर अड़ा था पति, चाबी के लिए की मारपीट

मामला छतरपुर जिले के शिवराजपुर गांव का है। ज्योति कुशवाहा नामक महिला का पति पुष्पेंद्र कुशवाहा बाजार से सीमेंट लाने के लिए शराब के नशे में बाइक लेकर जाने की जिद कर रहा था। ज्योति को डर था कि नशे की हालत में वह किसी दुर्घटना का शिकार हो सकता है, जिससे पूरे परिवार पर संकट आ जाएगा। इसी सुरक्षा के लिहाज से उसने पति से बाइक की चाबी छीनकर अपने पास रख ली।


पति ने जब चाबी मांगी तो ज्योति ने देने से इंकार कर दिया। इससे गुस्साए शराबी पति ने गालियां देते हुए उस पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस मारपीट से दुखी होकर पत्नी ने घर में रखा जहरीला पदार्थ (कीटनाशक) गटक लिया। हालांकि, गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचने के बावजूद उसने पति को बाइक की चाबी नहीं सौंपी।

पति की सफाई और ट्रैफिक पुलिस की प्रतिक्रिया

घटना के बाद आरोपी पति पुष्पेंद्र ने स्वीकार किया कि उसने शराब पी थी, लेकिन उसका दावा था कि उसे खुद पर भरोसा था कि वह गाड़ी संभाल लेगा। उसने अपनी गलती मानते हुए कहा कि नशे में उसने मारपीट कर दी और भविष्य में ऐसा दोबारा नहीं करेगा।

वहीं, ट्रैफिक पुलिस की ओर से सोनम पाराशर ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ग्रामीण इलाके में रहने के बावजूद महिला की यह जागरूकता बेहद सराहनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब के नशे में वाहन चलाना यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है, जिससे चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य निर्दोष लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।

दो बच्चों के भविष्य की थी चिंता

ज्योति का यह कदम केवल एक जिद नहीं थी, बल्कि उसके पीछे एक बड़े परिवार की सुरक्षा की चिंता छिपी थी। उसका मानना था कि यदि सड़क पर कोई अनहोनी हो जाती है, तो उसका खामियाजा सिर्फ पति को नहीं, बल्कि उसके दो छोटे बच्चों और पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। फिलहाल जिला अस्पताल में महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।