छतरपुर, संदीप यादव: शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कमला कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान गौरिहार क्षेत्र के ग्राम कितपुरा निवासी संजना पुत्री राजेश राजपूत के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर जांच प्रारंभ कर दी है। इस मामले में पुलिस साथ रह रहे एक युवक और अन्य किराएदारों से पूछताछ कर रही है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने जानकारी देते हुए बताया कि कमला नगर कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में लगभग 22 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा व मर्ग की प्राथमिक कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने बताया कि मृतका और उसके साथ रह रहा युवक दोनों ही छतरपुर जिले के निवासी हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर मौजूद अन्य किराएदारों के बयान दर्ज किए हैं और साथ रह रहे युवक से भी गहन पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और जांच व पूछताछ में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।