छतरपुर, विनोद मिश्रा: शहर में सागर-कानपुर फोरलेन पर सड़क निर्माण के दौरान शनिवार दोपहर एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा हमा गांव के पास उस समय हुआ, जब सामने से आ रहे दूसरे ट्रक को क्रॉसिंग देने के लिए चालक ने अपने वाहन को सड़क के किनारे किया। इसी दौरान निर्माणाधीन सड़क का किनारा मिट्टी धंसने से नीचे बैठ गया और भारी ट्रक पलट गया। हादसे में चालक, क्लीनर और हेल्पर समेत तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो को चोटें आई हैं। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
ट्रक चालक और मालिक अब्दुल हलीम के मुताबिक ट्रक उत्तराखंड से नागपुर अखबार की छपाई में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटिंग पेपर लेकर जा रहा था। शनिवार दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच ट्रक छतरपुर शहर में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान हमा गांव के पास सामने से दूसरा ट्रक आ गया। उसे रास्ता देने के लिए चालक ने अपने ट्रक को सड़क के किनारे किया, तभी निर्माणाधीन सड़क का किनारा धंस गया और ट्रक पलट गया।
ये भी पढ़ें
चालक के मुताबिक क्रॉसिंग के दौरान ट्रक की रफ्तार बेहद कम, करीब 1 से 2 किमी प्रति घंटे थी। इसके बावजूद भारी वाहन सड़क का किनारा धंसने से पलट गया। यदि ट्रक की रफ्तार अधिक होती या सड़क के किनारे गहरी खाई होती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली टीआई सतीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए यातायात सुचारू कराया और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।















