मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। संभाग स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मुरैना पहुंचे। सर्किट हाउस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया, इस दौरान 'वोट चोर गद्दी छोड़ो' के नारे भी लगाए गए। मीडिया से चर्चा के दौरान जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।
दिशाहीन और लूट की सरकार जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि पूरे मध्यप्रदेश में दिशाहीन और लूट की सरकार चल रही है। इसका जीवित उदाहरण मुरैना के कृषि मंत्री हैं, जिनके क्षेत्र में नकली खाद की फैक्ट्री चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे पहले खाद की कालाबाजारी मुरैना में हुई है और बिना प्रशासनिक मिलीभगत के कुछ नहीं हो रहा है। कलेक्टर, एसपी या थाना प्रभारी बिना खरीदे कोई नहीं आया है और वह जनता से उगाही कर रहा है, चाहे वह शराब, रेत या खाद माफिया से जुड़ा मामला हो। उन्होंने सरकार को 'अलीबाबा 40 चोर' की सरकार करार दिया।
ये भी पढ़ें




किसान विरोधी सोच और झूठे वादे किसानों के मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से डबल इनकम, 2700 रुपये में गेहूं, 3100 रुपये में धान खरीदने, 10 घंटे बिजली देने और पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराने का वादा किया था, लेकिन सब झूठा साबित हुआ। उन्होंने भाजपा सांसदों और नेताओं के बयानों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अब उनके सांसद कह रहे हैं कि किसान तीन महीने काम करता है और नौ महीने नशा करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने डेढ़ साल तक किसानों को दिल्ली के बॉर्डर पर बैठाए रखा।
52 प्रकार के माफियाओं का शिकंजा प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पटवारी ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में 52 तरह के माफियाओं ने सरकार को जकड़ रखा है। सरकार को खुद नहीं पता कि उसे किस दिशा में जाना है, यहां तक कि मुख्यमंत्री को भी स्थिति की जानकारी नहीं है। मंत्री खुद मुख्यमंत्री से सवाल-जवाब कर रहे हैं और अधिकारी-कर्मचारी नियंत्रण से बाहर हैं।
26 दिसंबर को भोपाल में बड़ा आयोजन कांग्रेस की आगामी रणनीतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी जनता की इन समस्याओं के खिलाफ मजबूती से काम कर रही है। आगामी 26 दिसंबर को भोपाल में एक बड़ा आयोजन किया जाएगा, जिसमें हर विधानसभा से एक-एक हजार लोग शामिल होंगे। यह 'वोट चोरी जनजागरण' और 'वोट चोरी चौपाल' का कार्यक्रम है, जिसे सभी कार्यकर्ताओं को दृढ़ता से करना है। मीडिया से चर्चा के बाद वे संभाग स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए शहनाई रिसोर्ट के लिए रवाना हो गए।









