छतरपुर/नौगांव,कमल यादव । भाई दूज का त्योहार मनाने अपने मायके गई एक महिला के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर घर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 50 से 60 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। चोरी गए कुल सामान की कीमत लगभग 5 से 6 लाख रुपये आंकी गई है। चोरी की यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, नौगांव के वार्ड क्रमांक 3 स्थित वीरेंद्र कॉलोनी निवासी अंजना दीक्षित (पति स्वर्गीय राजेश दीक्षित उर्फ पोगे महाराज) भाई दूज के अवसर पर अपने पुत्र के साथ अपने भाई नितेंद्र चौबे के घर छतरपुर तिलक करने गई हुई थीं। इसी दौरान शनिवार रात करीब 1 बजे अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान में धावा बोल दिया। चोरों ने मुख्य दरवाजे के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे दो सोने के मंगलसूत्र, सोने की अंगूठियां, बिछिया सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण और 50 से 60 हजार रुपये की नगदी समेट ली और फरार हो गए।
ये भी पढ़ें




रविवार सुबह जब मोहल्ले के लोगों ने मकान के ताले टूटे और भीतर सामान बिखरा हुआ देखा, तो तुरंत फोन पर अंजना दीक्षित को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही वह छतरपुर से नौगांव लौटीं और घर की हालत देखकर पुलिस को मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।









