नई दिल्ली। महिला टी-20 वल्र्ड कप 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस बार टूर्नामेंट इंग्लैंड में खेला जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से होगी जबकि फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा। भारतीय टीम अपना पहला मैच 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी।


हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम इस बार खिताब की मजबूत दावेदार मानी जा रही है। टीम में स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी। चयनकर्ताओं ने अनुभवी और युवा खिलाडिय़ों का अच्छा संतुलन रखा है।


भारतीय महिला टीम का पूरा स्क्वाड इस प्रकार है- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्रीचरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।


बता दें कि महिला टी-20 वल्र्ड कप अब तक 9 बार खेला जा चुका है जिसमें ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 6 बार खिताब अपने नाम किया है। वहीं 2024 के संस्करण में भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचने में असफल रही थी। इस बार इंग्लैंड में होने वाले टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम पिछले प्रदर्शन को सुधारते हुए ट्रॉफी पर नजर जमाए हुए है।


मप्र के बुन्देलखण्ड के छतरपुर जिले की बेटी क्रांति गौड़ को महिला वल्र्डकप के बाद अब टी-20 वल्र्डकप में भी जगह मिली है। इस खबर को सुनकर प्रदेश सहित जिले के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।