भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'परीक्षा पे चर्चा 2026' के दूसरे संस्करण ने इस बार मध्य प्रदेश को गौरवान्वित होने का दोहरा अवसर दिया है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देश की उन्नति में जनजातीय समाज की भूमिका और उनके संघर्षों पर चर्चा करते हुए मध्य प्रदेश की होनहार बिटिया क्रांति गौड़ की विशेष सराहना की। प्रधानमंत्री के मुख से प्रदेश की बेटी का नाम एक 'प्रेरणा' के रूप में लिए जाने पर पूरे राज्य में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में बताया कि कैसे जनजातीय समाज की प्रतिभाएं सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने क्रांति गौड़ के उदाहरण को उन लाखों युवाओं के लिए एक मार्गदर्शक बताया जो कठिन परिस्थितियों में अपनी मंजिल तलाश रहे हैं। प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि देश के विकास में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय है और क्रांति जैसी बेटियां इस बदलाव की ध्वजवाहक हैं।
वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री द्वारा मध्य प्रदेश की बेटी का अभिनंदन किए जाने पर खुशी जाहिर की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि "क्रांति बेटी का नाम प्रेरणा के तौर पर 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम में जिक्र करना हम सभी प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है।" उन्होंने इस सम्मान के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त किया और बिटिया क्रांति को उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि वह नित नई ऊंचाइयों को छुए और प्रदेश का मान बढ़ाती रहे।
प्रधानमंत्री के इस उल्लेख के बाद क्रांति गौड़ अब न केवल मध्य प्रदेश बल्कि देश भर के उन छात्रों के लिए एक मिसाल बन गई हैं, जो बोर्ड परीक्षाओं और करियर की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। गौरतलब है कि #ParikshaPeCharcha कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री हर साल छात्रों के भीतर से परीक्षा का डर निकालकर उन्हें सकारात्मक ऊर्जा से भरने का काम करते हैं।



